बिहार के सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा बिद्रुति हाता गांव के पास जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हाईवे पर हुआ।
मृतकों की पहचान टड़वां गांव निवासी 35 वर्षीय मुकेश कुमार और उनके 10 वर्षीय बेटे बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, वहीं परिवार में मातम पसर गया।
बेटे को बाइक पर बैठाकर बाजार जा रहे थे मुकेश
परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार हर रविवार की तरह इस रविवार शाम भी अपने बेटे बिट्टू को बाइक पर बैठाकर सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे। घर से करीब 500 मीटर दूर ही दोनों हादसे का शिकार हो गए।
बताया गया कि हाइवा हकाम की ओर से आ रहा था। जवाहर नवोदय विद्यालय के पास उसने विपरीत दिशा में जाकर बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक समेत हाइवा के नीचे फंसे पिता-पुत्र
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश और उनका बेटा बाइक समेत हाइवा के नीचे फंस गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को निकालने की कोशिश शुरू की।
बाइक हाइवा के नीचे फंसी होने के कारण लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में JCB की मदद से हाइवा को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार के दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही टड़वां गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
निजी स्कूल और कोचिंग में पढ़ाते थे मुकेश
परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार निजी स्कूल और कोचिंग संस्थान में पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।
बेटे के साथ रविवार को बाजार जाना उनकी सामान्य दिनचर्या का हिस्सा था। इसी दौरान हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
हाइवा छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद गिट्टी लदा हाइवा मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर लिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हुई है। हाइवा जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।


