जमुई में 10वीं की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को सोमवार को पॉक्सो की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस घायल नंदन को टांग कर कोर्ट लेकर पहुंची।
नंदन यादव को पुलिस ने 22 सितंबर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के चलते उसकी कोर्ट में पेशी करीब छह दिन बाद हुई।
कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा
नंदन यादव की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जमुई थाना, झाझा थाना और चकाई थाने की पुलिस को तैनात किया गया था।
दरअसल, इससे पहले मामले के दूसरे आरोपी हरेराम की कोर्ट में पेशी के दौरान कुछ वकीलों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने नंदन की पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी।
22 सितंबर को मुठभेड़ के बाद हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नंदन यादव को पकड़ने के लिए टीम ने कार्रवाई की थी। इस दौरान मुठभेड़ हुई और नंदन के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामला 19 सितंबर को सामने आया था, जब नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी।
मामले में कई आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। नंदन यादव को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए SIT गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

