अंबिकापुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी दिल्ली से रेल संपर्क बढ़ाने के लिए रेलवे ने अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस (22407/22408) के फेरों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिनसंचालित होगी।
रविवार और मंगलवार को चलेगी निजामुद्दीन-अंबिकापुर ट्रेन
फिलहाल ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को चलती है। रेलवे के नए शेड्यूल के अनुसार, 4 अक्टूबर से यह ट्रेन रविवार और मंगलवार, दोनों दिन संचालित होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अभी प्रत्येक गुरुवार को चलती है। 6 अक्टूबर से यह ट्रेन मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी।
समय-सारणी और ठहराव में बदलाव नहीं
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन के समय, मार्ग, स्टेशनों पर ठहराव और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल ट्रेन के संचालन के दिनों और फेरों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन दिवस और समय की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, NTES या RailOne ऐप पर जरूर जांच लें।

