भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को प्रदेश के 102 छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चयनित विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र देंगे। संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने छात्रवृत्ति के विजेताओं की सूची जारी कर दी है।
लॉटरी से चुने गए 102 विजेता
छात्रवृत्ति के लिए विद्यालय और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय, दोनों वर्गों के विद्यार्थियों का चयन किया गया है। शुरुआत में प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक हासिल करने और कम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले 5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची तैयार की गई थी। इसके बाद 23 अक्टूबर को लॉटरी के माध्यम से 102 विजेताओं का चयन किया गया।
63 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कुल 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 58,099 विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र हल किया। चयन प्रक्रिया के बाद अलग-अलग जिलों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए चुना गया है।
जिलेवार चयन में खंडवा के सबसे ज्यादा छह विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं, अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
इसके अलावा बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन के तीन-तीन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने दी चयनित विद्यार्थियों को बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रवृत्ति के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम में छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

