हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में शादी से ठीक दो दिन पहले दुल्हन के घर से नकदी और सोने के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। युवती की शादी 6 नवंबर को होनी थी, लेकिन इससे पहले ही 4 नवंबर को वह अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों के मुताबिक, घर से करीब 16 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपए नकद भी गायब मिले हैं।
मामले की शिकायत मिलने के बाद भराड़ी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने गाजियाबाद में दबिश देकर युवती को पकड़ लिया।
दूल्हे की बहन के घर ठहरी थी युवती
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के भराड़ी क्षेत्र के एक युवक का विवाह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी युवती से तय हुआ था। इसके बाद युवक युवती को अपने घर ले आया था। शादी की तैयारियों के बीच युवती को युवक की बहन के घर हटवाड़ में ठहराया गया था।
परिवार में 6 नवंबर को विवाह की रस्में पूरी करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान 4 नवंबर को युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने तलाश की तो घर से करीब 16 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपए नकद भी नहीं मिले।
शिकायत के बाद पुलिस ने गाजियाबाद में दी दबिश
युवती के गायब होने और घर से नकदी व गहने गायब मिलने के बाद परिजनों ने भराड़ी पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर युवती को पकड़ लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हिमाचल प्रदेश में शादी के नाम पर कथित ठगी और दुल्हनों के नकदी व गहने लेकर फरार होने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
- हमीरपुर, फरवरी 2025: शादी के कुछ घंटे बाद एक दुल्हन नकदी और गहने लेकर फरार हो गई थी।
- कांगड़ा, पटियालकड़: एक दुल्हन करीब 20 दिन ससुराल में रहने के बाद कीमती सामान लेकर चली गई थी। जांच में कथित गिरोह का खुलासा हुआ और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
- ऊना, नवंबर 2025: बंगाणा में शादी के बाद एक दुल्हन 50 हजार रुपए और गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया था।
- हमीरपुर, जून 2026: गलोड़ में एक महिला द्वारा अलग-अलग जगहों पर तीन शादियां कर ठगी करने का मामला सामने आया था।


