बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत शहर का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए मंगलवार को महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम के अधिकारी दिल्ली रवाना हुए।
नगर निगम के अनुसार, इस बार शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई स्तरों पर काम किया गया। इन्हीं प्रयासों के चलते उज्जैन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
नए प्लांट से कचरा प्रबंधन में हुआ सुधार
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि शहर में वेस्ट मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए एमआर-5 और गोंदिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पर नए प्लांट स्थापित किए गए हैं।
इसके अलावा चप्पल-जूतों के कचरे के निस्तारण के लिए अलग प्लांट लगाया गया है। ग्रीन वेस्ट यानी हरे कचरे के प्रबंधन के लिए भी पृथक प्लांट की व्यवस्था की गई है।
महाकाल मंदिर के आसपास बीटवार सफाई व्यवस्था
शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। महाकाल मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास बीटवार योजना बनाकर कचरे का नियमित निस्तारण किया गया।
इसके साथ ही नागरिकों की भागीदारी से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए अभियान चलाया गया। निगम का कहना है कि इन प्रयासों से शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन में सुधार हुआ है।
सफाई मित्रों और शहरवासियों को दिया श्रेय
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण और शहरवासियों के सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए सभी ने मिलकर लगातार प्रयास किए हैं। उज्जैन का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

