पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने लोगों से सीधे जुड़ने और प्रदेश के मुद्दों को उठाने के लिए ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ मुहिम शुरू की है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से तैयार बस के जरिए पार्टी नेता प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करेंगे। वे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और अन्याय से जुड़े मामलों में उनकी आवाज उठाएंगे।
पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बस रवाना करने के मौके पर बाजवा ने आरोप लगाया कि भाजपा की कोशिश पंजाब में त्रिशंकु विधानसभा (हंग हाउस) की स्थिति पैदा करने की है, ताकि वह सीधे बहुमत के बिना भी प्रदेश की सत्ता पर प्रभाव बना सके।
इंडस्ट्री और मोहाली में होंगी वर्कर मीटिंग
मुहिम के तहत कांग्रेस नेता उद्योग जगत और मोहाली में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में उद्योगपतियों, कर्मचारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी परेशानियों को समझना और संबंधित मुद्दों को उठाना है। पार्टी का दावा है कि जिन लोगों के साथ अन्याय हुआ है, कांग्रेस उनके साथ खड़ी होगी।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात हैं और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
बाजवा ने AAP और BJP को बताया एक ही सिक्के के दो पहलू
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। बाजवा के शब्दों में, एक तरफ भाजपा है तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी।
भाजपा पर हंग विधानसभा की स्थिति बनाने का आरोप
बाजवा ने दावा किया कि भाजपा और अन्य दलों को अपने दम पर बहुमत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। उनके मुताबिक, ऐसे में राजनीतिक माहौल इस तरह बनाने की कोशिश हो रही है कि किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिले और पंजाब में हंग विधानसभा बने।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में भाजपा केंद्रीय एजेंसियों और आर्थिक ताकत का इस्तेमाल कर प्रदेश की राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है। बाजवा ने इसे पंजाब पर अप्रत्यक्ष रूप से शासन करने की रणनीति बताया।
नशे के मुद्दे पर अमित शाह से पूछे सवाल
पंजाब में नशे की समस्या को लेकर बाजवा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने शाह के उस कथित बयान का जिक्र किया, जिसमें भाजपा को वोट देने पर अगले तीन साल में पंजाब को नशामुक्त बनाने की बात कही गई थी।
बाजवा ने सवाल उठाया कि केंद्र में पिछले 13 साल से भाजपा की सरकार होने के बावजूद पंजाब में नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पाया।
उन्होंने पठानकोट से फाजिल्का तक करीब 550 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में बीएसएफ और पंजाब पुलिस संयुक्त रूप से गश्त करती हैं। उनके अनुसार, केंद्रीय एजेंसियां भी केंद्र सरकार के अधीन हैं।
बाजवा ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के साथ भाजपा भी जिम्मेदार है।
पंजाब पर बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार को घेरा
बाजवा ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब पर 95 हजार करोड़ से लेकर 1.25 लाख करोड़ रुपए तक के कर्ज का बोझ होने की बात सामने आ रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े कर्ज के बीच पंजाब की आर्थिक स्थिति और विकास कार्यों को कैसे संभाला जाएगा। बाजवा ने इसे प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और लोगों की समस्याओं को उठाएगी।










































