झारखंड के साहिबगंज जिले की वृंदावन पंचायत के कड़माटोला गांव में बुधवार को 47 वर्षीय रणधीनी सोरेन का शव उनके घर में खटिया पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतका के बेटे बिष्णु बेसरा उर्फ हेपा बेसरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मेला देखकर लौटी बेटी ने देखा मां का शव
जानकारी के मुताबिक, रणधीनी की बेटी चुड़की बेसरा अपने पति के साथ कल्याणचक में आयोजित झंडी मेला देखने गई थी। बुधवार को जब वह घर लौटी तो उसकी मां खटिया पर मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। गांव के प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण भी घर के पास जमा हो गए।
बेटे से विवाद की बात आई सामने
ग्रामीणों के अनुसार, रणधीनी का अपने बेटे के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि पिछले महीने भी इस विवाद को लेकर गांव के प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पारिवारिक विवाद और महिला की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना पर राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।








































