पाकिस्तान की एक अदालत ने उपप्रधानमंत्री इशाक डार के पोते मोहम्मद रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ दो विदेशी महिलाओं के अपहरण और गैंगरेप के मामले में आरोप तय कर दिए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है।
मामले में रजा डार पर आरोप है कि क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश को लेकर विवाद के बाद उसने नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों को लाहौर के एक घर में बंधक बनाकर उनके साथ यौन हिंसा की गई और उनसे जबरन पैसे वसूले गए।
हालांकि, पुलिस की जांच रिपोर्ट में रजा डार और उसके चार साथियों को रेप के आरोप से क्लीन चिट दी गई थी। पुलिस ने यौन हिंसा के लिए रजा के तीन कर्मचारियों को जिम्मेदार बताया था।
सिंगापुर में हुई मुलाकात, क्रिप्टो कारोबार में लगाया पैसा
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, नीदरलैंड की स्टेफनी अदनाना माउ-अरुण और वेनेजुएला की एस्ट्रिड रॉबिन्सन बाराचो की मुलाकात वर्ष 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। दोनों महिलाएं क्रिप्टोकरेंसी का कारोबार करती थीं और उन्होंने रजा को अपने बिजनेस में निवेश करने का प्रस्ताव दिया था।
रजा ने शुरुआत में निवेश किया और उसे मुनाफा भी मिला। इसके बाद उसने कारोबार में 5 लाख डॉलर से ज्यादा, यानी करीब 4.75 करोड़ रुपए लगाए। आरोप है कि इस बार उसे न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की रकम वापस की गई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
निवेश की रकम लौटाने के बहाने पाकिस्तान बुलाया
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 में रजा ने दोनों महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया। उनसे कहा गया कि वहां उनकी मुलाकात एक अन्य निवेशक से कराई जाएगी।
दोनों महिलाएं पाकिस्तान पहुंचीं और इस्लामाबाद के एक होटल में रुकीं। वे अपनी मर्जी से मुरी हिल स्टेशन भी घूमने गईं। इसके बाद 29 जून को उन्हें लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में स्थित एक घर ले जाया गया।
आरोप है कि यहां दोनों महिलाओं को बंधक बना लिया गया और निवेश की रकम लौटाने के लिए दबाव बनाया गया।
हथियार दिखाकर धमकाया, 19,500 डॉलर ट्रांसफर कराए
पुलिस के मुताबिक, घर में हथियारबंद लोग तैनात थे। उन्होंने महिलाओं को चाकू, बंदूक और टूटे हुए शीशे से डराया। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी और उनके शरीर के अंग बेच दिए जाएंगे।
पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं से जबरन 19,500 डॉलर यानी करीब 17 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। महिलाओं के बयानों के मुताबिक, आरोपियों ने उनसे इससे कहीं ज्यादा रकम की मांग की थी।
दोनों महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए बयानों में यौन और शारीरिक हिंसा के आरोप भी लगाए। रिपोर्ट के अनुसार, मेडिकल जांच में उनके साथ रेप की पुष्टि हुई थी।
कार का एक्सीडेंट हुआ तो बचकर भागीं महिलाएं
महिलाओं के आरोपों के मुताबिक, बाद में उन्हें लाहौर एयरपोर्ट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद दोनों महिलाओं को मदद मांगने का मौका मिला और वे वहां से निकलने में सफल रहीं।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में लिया। दोनों के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किए गए और मेडिकल जांच कराई गई। कुछ दिनों बाद वे अपने-अपने देश लौट गईं।
पुलिस ने रजा डार को दी थी रेप के आरोप से क्लीन चिट
इस मामले में पुलिस ने कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया था। 3 नवंबर को पंजाब पुलिस ने अदालत में जांच रिपोर्ट पेश की। इसमें रजा डार और उसके चार साथियों को रेप के आरोप से क्लीन चिट दे दी गई। पुलिस का कहना था कि इन पांचों के खिलाफ रेप के पर्याप्त सबूत नहीं मिले।
पुलिस ने इसके बजाय रजा के तीन कर्मचारियों पर महिलाओं के साथ यौन हिंसा करने का आरोप लगाया। वहीं, रजा डार और उसके साथियों पर महिलाओं को अवैध रूप से बंधक बनाने और उनसे जबरन पैसे वसूलने जैसे आरोप लगाए गए।
पुलिस ने महिलाओं से वसूले गए करीब 43 लाख पाकिस्तानी रुपए बरामद करने का दावा भी किया था।
जांच रिपोर्ट पर सवाल भी उठे। आरोपियों के एक वकील ने जांच में पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य आरोपियों को बचाया जा रहा है और उनके कर्मचारियों को फंसाया जा रहा है।
9 दिसंबर को पेश होंगे गवाह
लाहौर की अदालत के जज रफाकत अली गोंडल ने 10 नवंबर को रजा डार समेत सभी आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
अदालत ने अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अब मुकदमे की सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान और अन्य सबूत पेश किए जाएंगे। अदालत का अंतिम फैसला आने तक सभी आरोपी कानूनी रूप से निर्दोष माने जाएंगे।









































