हरियाणा के सोनीपत में इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पटवारी और उसके निजी सहायक को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 7 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम ने निजी सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा, जबकि पूछताछ और जांच के आधार पर पटवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी 11 नवंबर, बुधवार को हुई।
इंतकाल दर्ज करने के लिए मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि कबीरपुर क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसका निजी सहायक साहिल उसके नाम इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति देने के बदले 7 हजार रुपए मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोपियों को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया।
निजी सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
ट्रैप के दौरान निजी सहायक साहिल को शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पूछताछ और मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
भिवानी एसीबी यूनिट ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई एसीबी यूनिट भिवानी की टीम ने इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), भिवानी के एक्सईएन निखिल राठी मौजूद रहे।
पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई।
रोहतक एसीबी थाने में एफआईआर दर्ज
मामले में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A के तहत केस दर्ज किया गया है। एसीबी मामले की आगे जांच कर रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सतर्क हरियाणा ऐप से भी कर सकते हैं शिकायत
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या उससे जुड़ा व्यक्ति सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत सतर्क हरियाणा ऐप के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती है।







































