हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खेड़ी साध में गांव की बदहाल गलियों और पेयजल संकट से परेशान होकर देवेंद्र नाम का एक व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही IMT थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीण उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक वह टावर पर ही चढ़ा हुआ था।
तहसीलदार और पार्षद भी मौके पर पहुंचे
देवेंद्र के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांगों को लेकर टावर पर बैठा रहा।
मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार गुलाब सिंह और पार्षद परीक्षित देशवाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम देवेंद्र को समझाने में जुटी हुई है।
नगर निगम अधिकारियों से कई बार कर चुके शिकायत
देवेंद्र के दूर के नाना रणबीर सिंह ने बताया कि गांव की समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ग्रामीण मेयर से भी मिले थे। उस दौरान समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ।
12 साल से पेयजल संकट का आरोप
रणबीर सिंह के मुताबिक, गांव में पिछले 12 साल से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। उनका दावा है कि चौटाला सरकार के कार्यकाल में पानी आता था, जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान तीसरे दिन पानी की सप्लाई होती थी। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
पानी की डिग्गी में गंदगी, दीवार भी टूटी
रणबीर सिंह ने गांव की पानी की डिग्गी की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, डिग्गी में गंदगी भरी हुई है और आवारा कुत्तों सहित अन्य जानवरों के पड़े रहने की शिकायत है। डिग्गी की एक दीवार भी टूटी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह जगह नशेड़ियों का अड्डा बन गई है। उनका कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं की शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं किया गया।



