सोने और चांदी की कीमतों में आज यानी 12 नवंबर को गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 2,309 रुपए घटकर 1.38 लाख रुपए पर आ गया है। वहीं, 1 किलो चांदी की कीमत 3,901 रुपए गिरकर 1.82 लाख रुपए रह गई है।
इससे पहले बुधवार को भी सोने की कीमत में 1,817 रुपए और चांदी के भाव में 100 रुपए की गिरावट आई थी। इस तरह दो दिनों में सोना करीब 4 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
ऑल टाइम हाई से काफी नीचे आए सोने-चांदी के भाव
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी। इसके बाद 29 जनवरी को यह बढ़कर 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। अब इस ऊंचे स्तर से चांदी की कीमत करीब 1.94 लाख रुपए नीचे आ चुकी है।
इसी तरह 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था। 29 जनवरी को यह बढ़कर 1.76 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। अब उस स्तर से सोना करीब 36 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने और चांदी में निवेश करने वालों को एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय किस्तों में खरीदारी करनी चाहिए।
उनका सुझाव है कि कुछ खरीदारी अभी की जा सकती है और बाकी रकम से 15 से 20 दिन के अंतराल पर निवेश किया जा सकता है। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखना बेहतर हो सकता है।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें
सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है। हॉलमार्किंग से जुड़े अल्फान्यूमेरिक कोड को भी जरूर जांचें।
2. सोने की कीमत और वजन की जांच करें
सोना खरीदने से पहले उसके वजन और उस दिन के बाजार भाव की पुष्टि जरूर करें। इसके लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) जैसे भरोसेमंद स्रोतों से कीमतों का मिलान कर सकते हैं।
ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के भाव अलग-अलग होते हैं। इसके अलावा ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज और लागू टैक्स की जानकारी भी लें।



