उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दोस्तों के बीच तेज रफ्तार कार रेस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दो गाड़ियों की चपेट में आने से 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले फॉर्च्यूनर ने गार्ड को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उनके ऊपर चढ़ गई।
हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे वसंत विहार थाना क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
नाइट शिफ्ट में साइकिल से गश्त कर रहे थे गार्ड
मृतक की पहचान मीठीबेरी निवासी 55 वर्षीय विनोद मल्ल के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन साल से एलाइंस सिक्योरिटी में गार्ड के तौर पर काम कर रहे थे।
बुधवार रात भी वह रोजाना की तरह नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान वह सड़क किनारे अपनी साइकिल से गश्त कर रहे थे।
पहले फॉर्च्यूनर ने मारी टक्कर, फिर स्कॉर्पियो चढ़ी
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे दो दोस्तों की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो के बीच तेज रफ्तार में रेस चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आई अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने विनोद मल्ल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से रेस लगा रही स्कॉर्पियो उनके ऊपर चढ़ गई। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए विनोद
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
विनोद मल्ल अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही मीठीबेरी स्थित घर में मातम छा गया। पुलिस मामले को हिट एंड रन के एंगल से भी जांच रही है और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।



