भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को अक्टूबर महीने के लिए ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। 29 वर्षीय दीप्ति ने इस सीरीज के 6 इंटरनेशनल मुकाबलों में 155 रन बनाने के साथ 7 विकेट भी लिए।
उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज के सभी 6 मुकाबले जीते। दीप्ति ने पुरस्कार की दौड़ में बांग्लादेश की सोभना मोस्तारी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ा।
यह दीप्ति के करियर का दूसरा ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है। इससे पहले उन्हें दिसंबर 2023 में यह सम्मान मिला था।
19 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद संभाली पारी
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज की शुरुआत रायपुर में खेले गए पहले टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले से हुई। इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 19 रन के स्कोर पर 4 विकेट गिर गए।
मुश्किल हालात में बल्लेबाजी करने उतरीं दीप्ति शर्मा ने तेजी से 49 रन बनाकर टीम को संभाला। टी-20 सीरीज में उन्होंने कुल 2 विकेट भी हासिल किए। भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की।
वनडे के दूसरे मैच में शतक और 3 विकेट
दीप्ति ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 2 विकेट लिए। इसके बाद वडोदरा में खेले गए दूसरे वनडे में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। छठे नंबर पर उतरीं दीप्ति ने 86 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे।
यह वनडे क्रिकेट में उनका दूसरा शतक था। इससे पहले उन्होंने मई 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 188 रन की पारी खेली थी। दूसरे वनडे में दीप्ति ने गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 3 विकेट भी लिए।
दीप्ति बोलीं- टीम की जीत में काम आया शतक
पुरस्कार मिलने पर दीप्ति ने कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज पूरी टीम के लिए शानदार रही। उन्होंने बताया कि शतक लगाना उनके लिए खास पल था, लेकिन यह उपलब्धि इसलिए और यादगार बन गई, क्योंकि उनकी पारी टीम की जीत में काम आई।
मार्को यानसन बने पुरुष वर्ग के प्लेयर ऑफ द मंथ
ICC ने अक्टूबर महीने के लिए पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसन को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है।
26 वर्षीय यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की 2-1 से सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। यह उनके करियर का पहला ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है। उन्होंने पाकिस्तान के ऑलराउंडर अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के वनडे-टी-20 कप्तान शाई होप को पीछे छोड़ा।



