बिलासपुर के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बदहाल है। यहां से रोजाना 33 ट्रेनें संचालित होती हैं, लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी महज 4 जीआरपी जवानों के भरोसे है। हालात यह हैं कि यात्रियों की सुरक्षा संभालने वाली पुलिस चौकी के पास अपना भवन तक नहीं है। जवान कभी पेड़ के नीचे तो कभी प्लेटफॉर्म पर खुले आसमान के नीचे बैठकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं।
चौकी में बैठने के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। जवानों के लिए एक टेबल और दो कुर्सियों की व्यवस्था भी जुगाड़ से की गई है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के दोनों रेलवे स्टेशनों पर दर्ज कुल अपराधों में करीब 30 प्रतिशत मामले उसलापुर स्टेशन से जुड़े हैं।
FIR दर्ज कराने के लिए 8 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है
चार जवानों के भरोसे चल रही चौकी में न तो बैठने की पर्याप्त सुविधा है और न ही FIR दर्ज करने की व्यवस्था। ऐसे में स्टेशन पर चोरी या दूसरी वारदात का शिकार होने वाले यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने के लिए करीब 8 किलोमीटर दूर बिलासपुर जाना पड़ता है।
इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और समय पर शिकायत दर्ज कराने में भी दिक्कत होती है।
जीआरपी प्रभारी ने अधिकारियों को लिखा पत्र
इस समस्या को लेकर जीआरपी प्रभारी विष्णु प्रसाद यादव ने स्टेशन मास्टर के साथ-साथ DRM और DCM को भी पत्र लिखा है। उन्होंने चौकी के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।
जीआरपी प्रभारी का कहना है कि चौकी को भवन और जरूरी संसाधन मिलने से जवान बेहतर तरीके से ड्यूटी कर सकेंगे। इससे यात्रियों को भी सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।



