इंदौर में पुलिसकर्मियों को अब सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके तहत विजय नगर थाने में तीन दिवसीय कॉम्बेट ट्रेनिंग शुरू की गई है। इसके बाद लसूड़िया थाने के पुलिसकर्मियों को भी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ट्रेनिंग के दौरान जवानों को सिखाया जा रहा है कि अगर कोई बदमाश चाकू या डंडे से हमला करता है, तो वे अपना बचाव कैसे करें। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ऐसे हालात के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करना है, जहां अचानक हमला होने पर संभलने का मौका नहीं मिलता।
पुलिसकर्मियों पर पहले भी हो चुके हैं चाकू से हमले
इंदौर में पिछले कुछ महीनों में पुलिसकर्मियों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं।
- विजय नगर थाना: कमरे में बंद जितेंद्र रघुवंशी ने मदद के लिए पहुंचे जवान राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया था।
- सदर बाजार: शुभम जाट नशे की हालत में खुद पर चाकू से वार कर रहा था। उसे रोकने पहुंचे जवान पवन पर उसने चाकू से 8 वार कर दिए थे।
- कनाड़िया थाना: डायमंड कॉलोनी में जमीन विवाद सुलझाने पहुंचे आरक्षक विजया सिकरवार और आशीष शर्मा को आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया था।
अचानक हमले से बचने के सिखाए जा रहे तरीके
पुलिसकर्मियों पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए यह ट्रेनिंग शुरू की गई है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ उन्हें हमले से बचने, सामने वाले के वार से खुद को सुरक्षित रखने, सही समय पर दूरी बनाने और हमलावर को नियंत्रित करने के तरीके बता रहे हैं।
दरअसल, पुलिसकर्मी अपराधियों को पकड़ने, विवाद शांत कराने या किसी घटना पर कार्रवाई करने पहुंचते हैं। ऐसे में कई बार आरोपी अचानक उन पर हमला कर देते हैं। इसी तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए जवानों को कॉम्बेट ट्रेनिंग दी जा रही है।


