कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में ‘कजिन मतलब पति?’ वाले कमेंट को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब भोपाल के नायब शहर काजी मौलाना अली कदर ने भी इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कॉमेडी के नाम पर इस्लाम को निशाना बनाना और दूसरे समुदाय की सामाजिक व्यवस्था को गलत तरीके से पेश करना उचित नहीं है।
मौलाना ने कहा कि कलाकारों को अपनी पहचान के साथ कॉमेडी करनी चाहिए, न कि किसी दूसरे समुदाय के बारे में गलत धारणाएं फैलानी चाहिए।
मुस्लिम समाज की छवि गलत तरीके से पेश करने का आरोप
मौलाना अली कदर ने बताया कि उन्होंने विवादित एक्ट की रील देखी है। उनके मुताबिक, इसमें हैदराबादी लहजे का इस्तेमाल करते हुए मुस्लिम परिवारों, भाई-बहनों की पढ़ाई और बच्चों की संख्या को लेकर तंज किया गया।
उन्होंने कहा कि मंच से मुस्लिम समाज की जो तस्वीर दिखाई गई, वह मौजूदा आंकड़ों और वास्तविकता से मेल नहीं खाती।
बच्चों की संख्या बढ़ने का दावा आंकड़ों से मेल नहीं खाता
मुस्लिम परिवारों में बच्चों की संख्या को लेकर किए गए मजाक पर मौलाना ने कहा कि मुस्लिम आबादी पहले की तरह तेजी से बढ़ रही है, यह धारणा मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से सही नहीं है।
उन्होंने अपने दावे के समर्थन में बताया कि 1992 में मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर 3 और हिंदू महिलाओं की 2.6 थी। उनके अनुसार, 2026 तक यह आंकड़ा मुस्लिम महिलाओं में घटकर 2.1 और हिंदू महिलाओं में 1.94 रह गया है। उन्होंने इसे मुस्लिम परिवारों में जनसंख्या वृद्धि की दर में कमी का संकेत बताया।
मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा पर भी रखी बात
महिलाओं की शिक्षा को लेकर मौलाना अली कदर ने कहा कि मुस्लिम लड़कियां पढ़ाई में पीछे नहीं हैं। कई मामलों में वे मुस्लिम लड़कों से भी बेहतर प्रदर्शन करती हैं।
उन्होंने साक्षरता के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि हिंदू महिलाओं की साक्षरता दर 53.2 प्रतिशत और मुस्लिम महिलाओं की 50.1 प्रतिशत है। उनके मुताबिक, मुस्लिम समाज में लड़कियों को पढ़ाया नहीं जाता, ऐसी छवि वास्तविकता से परे है।
