मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में खंडवा-मूंदी स्टेट हाईवे पर सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम तलवड़िया के आगे एक ढाबे के पास बाइक की टक्कर से 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे खंडवा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
मां के साथ खेत के बाहर खड़ी थी बच्ची
मृत बच्ची की पहचान सानवी पिता सतेंद्र (5), निवासी ग्राम केहलारी के रूप में हुई है। हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, सानवी अपनी मां के साथ खेत के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह सड़क किनारे पहुंच गई।
इसी समय बाइक चला रहा राज पिता महेश, निवासी ग्राम सातमोहनी, सड़क पर बने गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहा था। उसने बाइक किनारे की ओर मोड़ी, तभी बच्ची उसकी चपेट में आ गई। टक्कर लगने से बच्ची उछलकर दूर जा गिरी। मौके पर मौजूद लोग और परिजन उसे संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिचित युवती को घुमाकर लौट रहा था युवक
पुलिस जांच के अनुसार, राज अपनी ही गांव की एक परिचित युवती को बाइक पर घुमाने के लिए खंडवा आया था। दोनों वापस गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि युवक ने दिवाली पर ही नई राइडर बाइक खरीदी थी। हादसे के समय बाइक की नंबर प्लेट भी नहीं आई थी।
युवती इंदौर रेफर, बाइक चालक हिरासत में
हादसे में बाइक पर पीछे बैठी युवती को गंभीर चोटें आईं। उसे खंडवा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया।
जावर थाना टीआई सुलोचना गहलोत के मुताबिक, बच्ची की मौत के मामले में बाइक चालक राज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
