रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को 18 नवंबर को बिलासपुर से रायपुर लाया जा सकता है। SECL में ठेका दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में रायपुर पुलिस उससे पूछताछ करेगी। इसके लिए न्यायालय से 17 नवंबर का प्रोडक्शन वारंट जारी कराया गया है।
पुलिस दीपक टंडन को रायपुर लाकर अपनी हिरासत में ले सकती है। उससे ठेका दिलाने के नाम पर हुए कथित लेन-देन, शिकायतों और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी।
17 नवंबर के बाद कभी भी रायपुर लाया जा सकता है
सेंट्रल जोन के एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि न्यायालय ने दीपक टंडन के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। उसे 17 नवंबर के बाद कभी भी बिलासपुर से रायपुर लाया जा सकता है। रायपुर पहुंचने के बाद पुलिस उससे धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ करेगी।
कई जिलों में दर्ज हैं धोखाधड़ी के मामले
दीपक टंडन के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज हैं। इनमें रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा के मामले शामिल हैं।
आरोप है कि उसने कोयला खदानों में ठेका, ट्रांसपोर्टिंग और अन्य काम दिलाने का भरोसा देकर कारोबारियों से रकम ली। पुलिस इन मामलों में कथित लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
