दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि सड़क की धूल, निर्माण स्थलों और वाहनों से होने वाले प्रदूषण के मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। प्रदूषण नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को शास्त्री पार्क स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, परिवहन मंत्री पंकज सिंह और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई पूरी ताकत से जारी है। अब निगरानी और कार्रवाई दोनों तेज की जाएंगी। सभी विभागों को नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार राजधानी की हवा सुधारने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है।
PUC सेंटरों के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 5 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने मंगलवार को प्रदूषण जांच केंद्रों (PUC) के आधुनिकीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इसके जरिए वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण की जांच व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
सरकार का जोर PUC जांच को प्रभावी बनाने और वाहनों से जुड़े प्रदूषण नियमों का सख्ती से पालन कराने पर है।
दिल्ली का AQI 218, खराब श्रेणी में हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 218 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में आता है।
AQI की श्रेणियां इस प्रकार हैं:
- 0 से 50: अच्छा
- 51 से 100: संतोषजनक
- 101 से 200: मध्यम
- 201 से 300: खराब
- 301 से 400: बेहद खराब
- 401 से 500: गंभीर


