मध्य प्रदेश के खंडवा में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 7 साल के बच्चे की जान चली गई। खानशाहवली क्षेत्र में नागचून रोड पर नूरबाग कॉलोनी के पास सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इसकी चपेट में आने से बच्चा ट्रॉली के नीचे दब गया। ट्रॉली में सीमेंट की करीब 150 बोरियां भरी हुई थीं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में पुलिस की मदद से बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
150 बोरियों से भरी ट्रॉली पलटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली नागचून रोड से गुजर रही थी। नूरबाग कॉलोनी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रॉली पलट गई। इसी दौरान वहां मौजूद हसन पिता रफीक (7) ट्रॉली की चपेट में आ गया और भारी बोरियों के नीचे दब गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग बच्चे को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन ट्रॉली में भरी सीमेंट की बोरियों का वजन अधिक होने के कारण उसे निकालने में काफी परेशानी हुई।
आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
स्थानीय लोगों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा को फोन किया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान लोग बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश करते रहे। एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी भी जताई।
पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलने पर मोघट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से बच्चे को ट्रॉली के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग अस्पताल पहुंचे। बच्चे की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है।
मोघट थाना टीआई विकास खिंची ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक के नशे में होने के आरोप की जांच कर रही है।
