मेडिकल पीजी कोर्स में प्रवेश के लिए MD-MS की दूसरी काउंसिलिंग लिस्ट जारी कर दी गई है। इस राउंड में कुल 299 अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों में सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें 40 अभ्यर्थियों की सीट अपग्रेड हुई है। यानी उन्हें पहले राउंड में मिली सीट के मुकाबले बेहतर विकल्प वाले मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का मौका मिला है। चयनित अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में 97 नई सीटें भी शामिल की गई हैं। ये सीटें पहले राउंड की काउंसिलिंग के दौरान स्वीकृत हुई थीं। नई सीटें मिलने के बाद रिजर्वेशन रोस्टर के अनुसार कोटा निर्धारित किया गया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर रविवार को कुल 299 सीटों का अलॉटमेंट किया गया। इसमें पहले राउंड में खाली रह गई सीटें भी शामिल हैं।
एडमिशन के बाद आयोजित होगा मॉपअप राउंड
दूसरे राउंड में सीट हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, स्क्रूटनी और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाली बचने वाली सीटों के लिए मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा।
इस बार पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पैलिएटिव केयर के नए कोर्स को भी मंजूरी मिली है। इससे मेडिकल पीजी में नए कोर्स के तहत प्रवेश का अवसर मिलेगा।
नर्सिंग कोर्स की मेरिट लिस्ट भी जारी
नर्सिंग कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया के तहत भी नई मेरिट लिस्ट जारी की गई है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की ओर से प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाए जाने के बाद नए रजिस्ट्रेशन किए गए थे। इन्हीं आवेदनों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की गई है।
जारी सूची के अनुसार, बीएससी नर्सिंग के लिए 3,840, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए 197 और डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक कोर्स के लिए 3 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी हुई है। वहीं, एमएससी नर्सिंग के लिए भी करीब 300 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट प्रकाशित की गई है।

