दिल्ली के पांडव नगर से शनिवार को अगवा किए गए 8 महीने के बच्चे को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव से सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में एक दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दंपती की पहले से तीन बेटियां थीं और वे परिवार का नाम व विरासत आगे बढ़ाने के लिए बेटा चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने बच्चे को हासिल करने की योजना बनाई थी। पुलिस अब मामले में बाल तस्करी के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मां ई-रिक्शा चलाने गई थी, केयरटेकर के पास था बच्चा
पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती है। शनिवार को वह काम पर गई थी और 8 महीने का बच्चा केयरटेकर की देखरेख में था। इसी दौरान एक व्यक्ति बच्चे को लेकर फरार हो गया।
मां की शिकायत पर मंडावली थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। शुरुआती पूछताछ में केयरटेकर ने बताया कि वह सुबह करीब 11:30 बजे गणेश नगर में कुछ सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई, जो बाद में बच्चे को लेकर चला गया।
CCTV फुटेज से मिला आरोपी का सुराग
मामले की जांच के लिए पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के भागने के संभावित रास्तों की पड़ताल की। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर जाता दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। इससे आरोपी की गतिविधियों का सुराग अक्षरधाम की दिशा में मिला। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस एक मिनी ट्रक के ड्राइवर तक पहुंची।
मिनी ट्रक ड्राइवर ने अलीगढ़ में सौंपा था बच्चा
पुलिस ने ऋषिपाल (40) नाम के मिनी ट्रक ड्राइवर की पहचान की। वह मूल रूप से मथुरा का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि ऋषिपाल ने बच्चे को अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव में छत्रु नाम के व्यक्ति को सौंपा था।
पुलिस के मुताबिक, छत्रु (50) पेशे से किसान है। उसकी पत्नी कुसमा (45) भी इस मामले में आरोपी है। दोनों वाजिदपुर गांव के निवासी हैं। छत्रु और ऋषिपाल दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
एक साल पहले बनाई थी बेटा पाने की योजना
पुलिस के अनुसार, छत्रु और कुसमा की पहले से तीन बेटियां हैं। दंपती ने करीब एक साल पहले ही एक बेटा पाने की योजना बनाई थी। इसी सिलसिले में उन्होंने बच्चे को हासिल करने की साजिश रची।
पुलिस टीम ने तलाशी अभियान चलाकर बच्चे को अलीगढ़ के गांव से बरामद कर लिया। अपहरण के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।


