छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देना एक ई-रिक्शा चालक को भारी पड़ गया। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पैसे देने से इनकार करने पर चालक पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में चालक बिसाहू साहू (23) की पीठ पर गहरा घाव हो गया। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
चिंगराजपारा निवासी बिसाहू ने शनिवार को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वह पार्षद रानी शैलेश देवांगन का ई-ऑटो (CG 10 BL 1643) किराए पर चलाता है।
शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर किया हमला
बिसाहू के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे वह ई-ऑटो से पार्षद रानी देवांगन को उनके घर लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा छोड़ने गया था। वहां मोहल्ले का ही रहने वाला दुर्गेश सूर्यवंशी मौजूद था।
आरोप है कि दुर्गेश ने बिसाहू से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने पेचकस से बिसाहू पर हमला कर दिया। हमले में उसकी पीठ के दाहिने हिस्से में गहरा घाव हो गया और खून निकलने लगा।
पार्षद ने किया बीच-बचाव, आरोपी गिरफ्तार
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पार्षद रानी देवांगन ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
सरकंडा पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
