झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। पिछले एक सप्ताह में 70 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं, जबकि 50 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। शनिवार को कोहरे के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। एक ही दिन में कुल 48 उड़ानों में से 40 रद्द कर दी गईं, जबकि 7 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, पिछले साल नवंबर से जनवरी के बीच भी कम विजिबिलिटी के कारण करीब 15 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा था और 60 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं।
14 साल से अटका एयरपोर्ट का विस्तार
रांची एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी की समस्या का स्थायी समाधान रनवे विस्तार और आधुनिक लाइटिंग सिस्टम से जुड़ा है। फिलहाल अतिक्रमण और आसपास की ऊंची इमारतों के कारण एयरपोर्ट करीब 2750 मीटर रनवे का ही इस्तेमाल कर पा रहा है। रनवे को 900 मीटर और बढ़ाया जाना है।
इसके लिए वर्ष 2012-13 में 301 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन अब तक जमीन एयरपोर्ट प्रबंधन को हस्तांतरित नहीं हो सकी है। जमीन नहीं मिलने का असर कैट-टू एप्रोच लाइटिंग सिस्टम पर भी पड़ा है।
मार्च 2024 में इस सिस्टम के उपकरण रांची पहुंच गए थे, लेकिन लंबे इंतजार के बाद अप्रैल में उन्हें देवघर भेजना पड़ा।
एयरलाइंस के एक अधिकारी के मुताबिक, रांची एयरपोर्ट पर विमान उतारने के लिए 1400 से 1500 मीटर विजिबिलिटी की जरूरत होती है। वहीं कोलकाता, मुंबई, इंदौर और पटना जैसे शहरों में 800 से 850 मीटर विजिबिलिटी में भी विमान लैंड कर जाते हैं।
दो साल में कई बैठकें, जमीन हस्तांतरण पर फैसला नहीं
एयरपोर्ट विस्तार और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर पिछले दो वर्षों में कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है।
बैठकों का सिलसिलेवार विवरण:
- 18 नवंबर 2026: रांची उपायुक्त, प्रशासनिक और एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच बैठक हुई। छह महीने में यह दूसरी बैठक थी। उपायुक्त ने कई निर्देश दिए।
- 30 सितंबर 2026: एयरोड्रम कमेटी की बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा मजबूत करने पर चर्चा हुई। इसमें नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
- 31 जनवरी 2025: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की बैठक हुई। इसमें एयरपोर्ट की आपदा प्रबंधन तैयारियों पर चर्चा की गई।
- 2 दिसंबर 2025: दक्षिण छोटानागपुर की अध्यक्षता में एनवायरनमेंट सुरक्षा कमेटी की बैठक हुई। इसमें रनवे की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए गए।
- 18 जुलाई 2025: सांसद संजय सेठ की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसमें एयरपोर्ट विस्तार और लाइटिंग सिस्टम पर चर्चा की गई।
जून 2022 में हुआ था जमीन का एग्रीमेंट
एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि कम विजिबिलिटी के कारण विमानों की लैंडिंग में परेशानी होती है। कैट-टू एप्रोच लाइटिंग सिस्टम जल्द लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए लगातार बैठकें हो रही हैं। 18 नवंबर को उपायुक्त के साथ हुई बैठक में भी लाइटिंग सिस्टम और एयरपोर्ट विस्तार पर चर्चा की गई।
विनोद कुमार के अनुसार, 301 एकड़ जमीन को लेकर जून 2022 में समझौता हुआ था। जमीन सीधे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को नहीं सौंपी जाएगी। पहले इसका हस्तांतरण झारखंड के सिविल एविएशन डिपार्टमेंट के नाम होगा। इसके बाद विभाग के नाम पर म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और फिर जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी को लीज पर दी जाएगी।
हेतु गांव के 150 घर बन रहे बाधा
एयरपोर्ट विस्तार और कैट-टू लाइटिंग सिस्टम लगाने में सबसे बड़ी बाधा अधिग्रहित जमीन का खाली नहीं होना है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए हेतु गांव की 301 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है, लेकिन वहां बसे करीब 150 घरों के लोग जमीन छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
दूसरी ओर, सरकार भी अब तक जमीन खाली कराकर एयरपोर्ट प्रबंधन को नहीं सौंप सकी है। कब्जा नहीं हटने के कारण एयरपोर्ट प्रबंधन जमीन की घेराबंदी तक शुरू नहीं कर पा रहा है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि जमीन हस्तांतरण को लेकर संबंधित विभागों के साथ दर्जनों बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
आईएलएस इंस्टॉल होने के बाद भी चालू नहीं
झारखंड चैंबर की सिविल एविएशन सब-कमेटी के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने कहा कि कम दृश्यता के कारण रांची एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) पहले ही इंस्टॉल और टेस्ट किया जा चुका है, लेकिन अब तक इसे चालू नहीं किया गया है।
उनके मुताबिक, उड़ानें रद्द होने पर यात्रियों को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और उनकी जरूरी योजनाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने आईएलएस को जल्द चालू करने की जरूरत बताई।


