इंदौर के डॉलर मार्केट में मोबाइल कारोबारी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले व्यापारी का भरोसा जीता और फिर ग्राहक को दिखाने व बेचने के नाम पर 10 मोबाइल फोन ले गया। आरोपी ने इन मोबाइल को मार्केट की ही दूसरी दुकानों पर बेच दिया और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
एमजी रोड पुलिस के मुताबिक, डॉलर मार्केट में दुकान संचालित करने वाले व्यापारी जयेश चावला की शिकायत पर नयापुरा निवासी रिजवान पिता अबरार खान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
पांच महीने पहले हुई थी पहचान
जयेश अपने भाई के साथ डॉलर मार्केट में सुहान्या मोबाइल नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि व्यापार के सिलसिले में करीब पांच महीने पहले उनकी पहचान रिजवान से हुई थी।
शुरुआत में रिजवान एक-दो बार दुकान से मोबाइल लेकर गया और समय पर नकद भुगतान कर दिया। इससे दोनों के बीच अच्छे संबंध बन गए और व्यापारी का उस पर भरोसा हो गया।
ग्राहक को दिखाने के बहाने ले गया 10 मोबाइल
पुलिस के अनुसार, इसी भरोसे का फायदा उठाकर कुछ दिन पहले रिजवान ने जयेश से 10 मोबाइल फोन लिए। उसने व्यापारी से कहा कि वह ये फोन ग्राहक को दिखाकर बेच देगा और थोड़ी देर में भुगतान कर देगा।
जयेश ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए मोबाइल दे दिए। लेकिन इसके बाद रिजवान न तो दुकान पर लौटा और न ही उसका फोन चालू मिला।
उसी मार्केट की दुकानों पर बेच दिए मोबाइल
व्यापारी ने जब रिजवान की तलाश की तो पता चला कि उसने सभी 10 मोबाइल डॉलर मार्केट की ही दूसरी दुकानों पर बेच दिए हैं। इसके बाद वह रकम लेकर फरार हो गया।
पीड़ित व्यापारी ने एमजी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद रविवार को रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल की हेराफेरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। अब पुलिस उसकी निशानदेही पर बेचे गए मोबाइल फोन बरामद करने की कार्रवाई कर रही है।


