भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर सल्फास खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से पहले महिला ने अपने पिता को फोन कर पति की मारपीट और घरेलू प्रताड़ना की शिकायत की थी।
मृतकों की पहचान 37 वर्षीय रुखसाना बी, उसकी 12 वर्षीय बेटी रुकवई और 8 वर्षीय बेटे फैजल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रुखसाना ने पहले दोनों बच्चों को सल्फास दिया और फिर खुद भी इसका सेवन कर लिया।
आटा मांगने की बात पर हुआ था विवाद
रुखसाना की शादी वर्ष 2012 में गंजबासौदा निवासी फहीम खान से हुई थी। परिवार भोपाल के अरवलिया में रहता था। इसी मकान में फहीम का छोटा भाई नईम और उसकी पत्नी शबनम भी रहते थे।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह शबनम ने रोटी बनाने के लिए रुखसाना से आटा मांगा। रुखसाना ने घर में आटा कम होने की बात कहते हुए फिलहाल काम चलाने और बाद में आटा लाने की बात कही। इसके बाद शबनम ने अपने पति नईम से शिकायत की और नईम ने फहीम को इस बारे में बताया।
आरोप है कि इसी बात पर फहीम ने रुखसाना के साथ मारपीट की। मां को बचाने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट की गई।
पिता से फोन पर कही थी आखिरी बात
घटना से पहले रुखसाना ने अपने पिता हलीम खान को फोन किया था। उसने बताया था कि उसने केवल आटा कम होने की बात कही थी, लेकिन पति ने उसकी बात नहीं सुनी और लात-घूंसों से पीटा। उसने बेटी के साथ मारपीट और सबके सामने बेइज्जती होने की बात भी बताई थी।
रुखसाना ने बातचीत के दौरान कहा था कि अब वह जीना नहीं चाहती। पिता ने उसे समझाते हुए कहा कि यह घर का मामला है और वे दामाद से बात कर विवाद सुलझाने की कोशिश करेंगे। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही उन्हें रुखसाना और दोनों बच्चों की मौत की खबर मिली।
स्कूल से बच्चों को घर लाई थी रुखसाना
शनिवार सुबह फहीम दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद अपनी पंचर की दुकान चला गया था। विवाद के बाद रुखसाना छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी और दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को स्कूल से घर ले आई।
उस समय नईम अपनी पत्नी शबनम को डॉक्टर के पास लेकर गया था। कुछ देर बाद घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे। दरवाजा बंद था। अंदर जाने पर तीनों बेहोशी की हालत में मिले और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
पड़ोसियों की मदद से तीनों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
पिता बोले- हर बार बेटी को घर बचाने की समझाइश दी
रुखसाना के पिता हलीम खान ने बताया कि बेटी अक्सर फोन पर रोते हुए अपनी परेशानियां बताती थी। उनके मुताबिक, पति छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नईम भी रुखसाना को प्रताड़ित करता था और अपनी पहली शादी टूटने के लिए उसे जिम्मेदार ठहराता था।
हलीम ने बताया कि वे हर बार बेटी को घर बसाने और विवादों को नजरअंदाज करने की सलाह देते थे। शनिवार को भी उन्होंने उसे समझाया था। उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटी से हुई यह बातचीत आखिरी साबित होगी।
पति ने कहा- पत्नी को सिर्फ डांटा था
फहीम का कहना है कि घर में 10 किलो आटा रखा हुआ था। इसी बात को लेकर पत्नी से बहस हुई थी और उसने केवल उसे डांटा था। फहीम के मुताबिक, सुबह 11:45 बजे पड़ोसी ने फोन कर उसे घटना की जानकारी दी।
ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि महिला का स्वभाव गुस्सैल था और पति उससे ठीक से बात नहीं करता था। वह अक्सर मायके फोन कर पति की शिकायत करती थी। पुलिस परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


