मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्रियों और प्रमुख अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवस्वामी से चर्चा की।
बैठकों में प्रदेश के जल संसाधनों के विकास, शहरी पुनर्विकास, अधोसंरचना परियोजनाओं, वित्तीय जरूरतों और कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
एनबीसीसी ने स्लम पुनर्विकास में दिखाई रुचि
नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवस्वामी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को निगम के निर्माण, पुनर्विकास और परियोजना प्रबंधन से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
महादेवस्वामी ने प्रस्ताव रखा कि एनबीसीसी मध्यप्रदेश में स्लम पुनर्वास, शहरी पुनर्विकास और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं में काम करने का इच्छुक है। इससे प्रदेश में शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिलने की संभावना है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश से जुड़े जल शक्ति विभाग के विभिन्न विषयों और लंबित मुद्दों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
दोनों के बीच प्रदेश में जल संसाधनों के विकास, पेयजल उपलब्धता और जल जीवन मिशन सहित मंत्रालय से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मिले मुख्यमंत्री
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश से जुड़े लंबित वित्तीय विषयों, प्रदेश की विकास प्राथमिकताओं और राज्य के आर्थिक हितों पर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समग्र विकास, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दे भी केंद्रीय वित्त मंत्री के सामने रखे।
शिवराज सिंह चौहान से कृषि और ग्रामीण विकास पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात कर मध्यप्रदेश से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान दिल्ली स्थित कृषि भवन में प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना भी मौजूद रहे।
बैठकों के जरिए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सामने मध्यप्रदेश की विकास संबंधी प्राथमिकताओं और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की जरूरतों को रखा।

