भोपाल के सेवनिया ओंकारा बायपास स्थित बेथलेहेम नगर कॉलोनी के 150 परिवारों को करीब 17 साल बाद उनके प्लॉटों का कब्जा मिल गया है। प्लॉटों की रजिस्ट्री होने के बावजूद जमीन की सीमाएं तय नहीं होने से परिवार लंबे समय से परेशान थे। पिछले आठ महीने से हुजूर SDM विनोद सोनकिया के नेतृत्व में तहसीलदार और पटवारियों की टीम इस मामले को सुलझाने में जुटी थी।
प्रशासन ने पुराने राजस्व रिकॉर्ड और रजिस्ट्रियों की जांच की। इसके बाद जमीन का सीमांकन कराकर प्रत्येक प्लॉट की सीमा तय की गई और वैध मालिकों को उनकी जमीन का कब्जा सौंप दिया गया।
रजिस्ट्री के बाद भी नहीं मिल रहा था कब्जा
बेथलेहेम नगर सोशल वेलफेयर सोसाइटी के लोगों ने प्लॉट खरीदने के बाद रजिस्ट्री भी करा ली थी, लेकिन कॉलोनाइजर ने जमीन का सीमांकन नहीं कराया था। इसके चलते प्लॉटों की वास्तविक सीमाएं तय नहीं हो पाई थीं और खरीदारों को कब्जा नहीं मिल सका था।
कई परिवार वर्षों से अपने मकान बनाने का इंतजार कर रहे थे। कॉलोनी सेवनिया ओंकारा बायपास पर स्थित है और रेरा से अप्रूव है।
जनसुनवाई में शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई
हुजूर SDM विनोद सोनकिया के मुताबिक, प्लॉट मालिकों ने जनसुनवाई के साथ उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उम्मीदों के साथ प्लॉट खरीदे थे, लेकिन कब्जा नहीं मिलने के कारण मकान नहीं बना पा रहे हैं।
शिकायतों के बाद प्रशासन ने जांच कमेटी बनाकर पुराने रिकॉर्ड, रजिस्ट्रियों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कराई। करीब आठ महीने तक चली प्रक्रिया के बाद सीमांकन कराया गया और रजिस्ट्री के आधार पर संबंधित परिवारों को उनके प्लॉट का पजेशन दिलाया गया।
सोसाइटी अध्यक्ष ने SDM को दिया धन्यवाद
कब्जा मिलने के बाद बेथलेहेम नगर सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मैथ्यू अब्राहम ने SDM विनोद सोनकिया को धन्यवाद पत्र भेजा। गुरुवार को उन्होंने मुलाकात कर प्रशासन की कार्रवाई के लिए आभार भी जताया।
कलेक्टोरेट में लेट पहुंचे 16 कर्मचारी, एक दिन का वेतन कटेगा
इधर, गुरुवार को भोपाल कलेक्टोरेट में निरीक्षण के दौरान 16 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्थापना, निर्वाचन, शस्त्र शाखा, खाद्य और आबकारी समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया था।
इस दौरान कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे थे। कलेक्टर ने सभी 16 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर दफ्तर पहुंचकर काम शुरू करने की हिदायत दी।


