तेलंगाना के विकाराबाद जिले में BCCI अंडर-19 टीम के लिए चुनी गई 17 वर्षीय क्रिकेटर नंदिनी की मौत से खेल जगत में शोक है। नंदिनी अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई और क्रिकेट की तैयारी कर रही थीं। शुक्रवार को उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने सड़क पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि इलाके में रहने वाला अनिल नाम का युवक प्यार के नाम पर नंदिनी का पीछा करता था। आरोप है कि उसका दोस्त कृष्णा भी इसमें उसका साथ देता था। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाल ही में BCCI अंडर-19 टीम में हुआ था चयन
नंदिनी मूल रूप से विकाराबाद जिले के यलाल मंडल के संगयापल्ली गांव की रहने वाली थीं। हाल ही में उनका BCCI अंडर-19 टीम में चयन हुआ था। वह क्रिकेट में करियर बनाने की तैयारी कर रही थीं।
उनकी मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अनिल और कृष्णा की गिरफ्तारी के साथ उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद नंदिनी का शव परिवार को सौंप दिया गया।
मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करेगी पुलिस
विकाराबाद के सर्किल इंस्पेक्टर रघु के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस नंदिनी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए परेशान या ब्लैकमेल तो नहीं किया जा रहा था।
सर्किल इंस्पेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान देने और उनसे लगातार बातचीत करते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में बच्चों को भावनात्मक सहयोग देना बेहद जरूरी है।



