छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किसान युवक का शव उसके ही घर के पीछे स्थित बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या की गई है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कौड़िया निवासी 28 वर्षीय चंद्रप्रकाश पटेल खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। उसके पिता स्वर्गीय नान दाऊ पटेल थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे, जबकि चंद्रप्रकाश घर पर ही मौजूद था। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने घर के पीछे स्थित बाड़ी में चंद्रप्रकाश का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल सीपत थाना पुलिस को दी गई।
परिजनों का कहना है कि चंद्रप्रकाश का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते युवती और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या की है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिक जानकारी और ताज़ा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com
