बिलासपुर के तिफरा इलाके में रविवार रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। कुंदरापारा में रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में नकाबपोश हमलावर ने युवक की पीठ और पेट पर कई वार किए।
घटना के दौरान युवक की पत्नी ने साहस दिखाते हुए हमलावर का नकाब खींच लिया, जिससे उसकी पहचान हो गई।

आरोपी की पहचान के बाद पुलिस हरकत में आई
हमलावर की पहचान भोलू साहू उर्फ दुर्गेश साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने रायपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फल कारोबारी पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक मनीष गोस्वामी (32) तिफरा चौक पर फल की दुकान चलाता है। रविवार रात वह अपनी पत्नी के साथ दुकान के पास खड़ा था।
इसी दौरान नकाब पहनकर पहुंचे युवक ने पीछे से मनीष को पकड़ लिया और धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष की पीठ और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं।
पत्नी ने दिखाई हिम्मत
हमले के दौरान मनीष की पत्नी ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की और उसका नकाब खींच दिया। तभी पता चला कि हमलावर भोलू साहू है।
हालांकि आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। घायल मनीष को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अवैध संबंध को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि घायल युवक का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। बताया जा रहा है कि वह महिला गांव सैदा में मनीष के साथ रह रही थी।
इसी बात को लेकर आरोपी काफी नाराज था और मनीष से रंजिश रखता था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उसने हमले की साजिश रची।

रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
देश और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए पढ़ें:www.deshharpal.com
