Bilaspur में पीने के पानी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि ऑटो चालक पर कुल्हाड़ी और गमले से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के महिमा नगर का है।
मोटर पंप चालू होने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शज्जाद अली ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। 7 मई की रात वह काम से लौटकर घर आया था।
बताया जा रहा है कि रात में शॉर्ट सर्किट के कारण मोटर पंप अपने आप चालू हो गया। सुबह जब शज्जाद पानी भरने पहुंचा, तब पड़ोसी कुनाल मानिकपुरी और उसके रिश्तेदार ने उससे विवाद शुरू कर दिया।
शज्जाद ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि उसने मोटर चालू नहीं किया था। इसके बाद मामला कुछ देर के लिए शांत हो गया।
घर में घुसकर किया हमला
आरोप है कि बाद में कुनाल मानिकपुरी अपने साथियों के साथ शज्जाद के घर पहुंच गया। वहां गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी और गमले से हमला कर दिया। हमले में शज्जाद गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में गिर पड़ा।
परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
अफवाह फैलाने का भी आरोप
घायल शज्जाद का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी यह अफवाह फैला रहे हैं कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की थी।
पीड़ित ने इस दावे को गलत और भ्रामक बताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

