भोपाल/ग्रेटर नोएडा: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल और ग्रेटर नोएडा से 8.6 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। मामले में एक महिला तस्कर समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार नाइजीरियाई नागरिक बताए गए हैं।
जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 7.1 करोड़ रुपए आंकी गई है। कार्रवाई में 6.325 किलो मेथामफेटामाइन, 50 ग्राम कोकीन और 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर पकड़ी गई महिला
DRI को सूचना मिली थी कि एक महिला तस्कर नई दिल्ली से ट्रेन के जरिए बेंगलुरु जा रही है और अपने सामान में ड्रग्स छिपाकर ले जा रही है।
सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने 11 अगस्त को भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध महिला की पहचान होने के बाद उसे रोका गया और उसके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके काले रंग के ट्रॉली बैग में बनाई गई गुप्त कैविटी से ड्रग्स बरामद हुई।
ट्रॉली बैग में छिपाए थे 6 पैकेट
DRI के मुताबिक ट्रॉली बैग में बेहद शातिर तरीके से गुप्त जगह बनाई गई थी। इसमें भूरे रंग की टेप से लिपटे 6 प्लास्टिक पैकेट रखे थे।
NDPS फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर पदार्थ के मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। सभी पैकेटों का वजन करने पर कुल 6.325 किलो क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन मिला।
ड्रग्स जब्त करने के बाद महिला को NDPS एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला से पूछताछ के बाद ग्रेटर नोएडा पहुंची टीम
महिला से पूछताछ में DRI को ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद DRI और CBN की टीम ने ग्रेटर नोएडा में संदिग्ध सप्लायरों के ठिकानों पर दबिश दी।
अधिकारियों को देखकर वहां मौजूद कुछ नाइजीरियाई नागरिकों ने भागने की कोशिश की। उन्होंने खिड़की से कूदकर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
2.242 किलो मेथामफेटामाइन समेत कोकीन-गांजा बरामद
ग्रेटर नोएडा में तलाशी के दौरान टीम को 2.242 किलो क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन, 50 ग्राम कोकीन और 25 ग्राम गांजा मिला।
इस कार्रवाई में चार नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह भोपाल और ग्रेटर नोएडा की कार्रवाई में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हुए।
भारतीयों को कैरियर बनाकर चल रहा था नेटवर्क
DRI के अनुसार, जांच में ऐसे विदेश से संचालित ड्रग सिंडिकेट का पता चला है, जो भारतीय नागरिकों को कैरियर के रूप में इस्तेमाल कर देश के अलग-अलग हिस्सों में नशीले पदार्थ पहुंचा रहा था।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर महिला से हुई बरामदगी के बाद पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर ग्रेटर नोएडा में कार्रवाई की गई। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है।
