जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार रात एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गोहलपुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित महफिल रेस्टोरेंट और बार में रात करीब 8 बजे हुई।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय मुस्कान चौधरी के रूप में हुई है। वह रेस्टोरेंट और बार में सर्विस प्रोवाइडर के तौर पर काम करती थी।
विवाद के बाद चाकू से हमला
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी बार में पवन बर्मन नाम का युवक भी काम करता था। किसी बात को लेकर मुस्कान और पवन के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान पवन ने कथित तौर पर मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले आरोपी वहां से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद ग्राहकों में मची अफरा-तफरी
घटना के समय रेस्टोरेंट और बार में ग्राहक भी मौजूद थे। चाकूबाजी की वारदात के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक तेजी से मौके से चले गए।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
गोहलपुर पुलिस की प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं आरोपी पवन बर्मन की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

