ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार तड़के बैटरी कारोबारी शिवम गुप्ता (32) का शव उनके किराए के गोदाम के ऑफिस में मिला। उनके सिर में गोली लगी थी। मौके से 32 बोर की अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है।
तलाश करते हुए गोदाम पहुंचे परिजन
परिजनों के मुताबिक शिवम मंगलवार को रोज की तरह काम पर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। चिंतित परिजन उनकी तलाश करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम पहुंचे।
ऑफिस में मिला खून से लथपथ शव
रात करीब 3 बजे गोदाम के ऑफिस का दरवाजा खोलते ही परिजनों के होश उड़ गए। शिवम खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके सिर में गोली लगी हुई थी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मृतक का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में
शिवम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और बैटरी कारोबार से जुड़े थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी बातचीत की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अवैध पिस्टल मिलने के कारण सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
