ग्वालियर। ग्वालियर में दोस्तों के साथ हुई शराब पार्टी के बाद हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मामूली पैसों के विवाद में कथित धक्का लगने से घायल हुए 46 वर्षीय युवक की तीन दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को थाने के सामने रखकर चक्काजाम किया और आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
माधोगंज थाना क्षेत्र के जामदार का बाड़ा निवासी मनोज सिसोदिया ने 17 जुलाई को अपने दोस्तों प्रवीण और सोनू काका के साथ शराब पार्टी की थी। पार्टी के बाद घर लौटे मनोज को याद आया कि उनके कुछ पैसे वहीं छूट गए हैं। जब वह पैसे लेने वापस पहुंचे तो इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान दोनों आरोपियों ने मनोज को धक्का दे दिया, जिससे वह नाली में गिर पड़े और उनका सिर पत्थर से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल मनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन तक उपचार के बाद रविवार को उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीधे माधोगंज थाने पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में तीनों दोस्त एक साथ जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में विवाद के बाद मनोज को धक्का लगने की घटना भी नजर आती है। वहीं, मनोज के गिरने के बाद दोनों आरोपी उन्हें उठाकर सहारा देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिक जानकारी और ताजा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com



