खंडवा। लंबे समय से लंबित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर जारी इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। भाजपा युवा मोर्चा ने सागर आरतानी को खंडवा जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार रहे शुभम पटेल को संगठन ने जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।
सागर आरतानी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप पटेल की जगह अब युवा मोर्चा की कमान संभालेंगे। उनकी नियुक्ति को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर चर्चाएं चल रही थीं।
सांसद गुट के समर्थन से मिली जिम्मेदारी
जानकारी के मुताबिक, सागर आरतानी को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का समर्थन प्राप्त था। संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर पहले से नाराज चल रहे सांसद पाटिल ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष गुटबाजी की शिकायत भी की थी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर सागर आरतानी के नाम का समर्थन करते हुए प्रदेश संगठन को उनका नाम भेजा था।
शुभम पटेल को बनाया गया जिला महामंत्री
दूसरी ओर, अध्यक्ष पद की दौड़ में एबीवीपी से जुड़े शुभम पटेल भी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। उनके नाम पर संगठन के भीतर व्यापक सहमति बताई जा रही थी। हालांकि, अंतिम निर्णय में सागर आरतानी को जिलाध्यक्ष बनाया गया, जबकि संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए शुभम पटेल को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
नियुक्ति को लेकर चली थी लंबी कवायद
सागर आरतानी की दावेदारी के दौरान कुछ नेताओं ने उनके कारोबारी होने और संगठनात्मक अनुभव को लेकर सवाल उठाए थे। वहीं, समर्थकों ने तर्क दिया कि भाजपा पहले भी विभिन्न व्यापारिक पृष्ठभूमि के कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देती रही है। अंततः प्रदेश नेतृत्व ने दोनों प्रमुख दावेदारों को संगठन में अहम जिम्मेदारी देकर संतुलन साधने की कोशिश की है।
अधिक जानकारी और ताजा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com



