ग्वालियर स्थित NCC ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) परिसर में बुधवार को पासिंग आउट परेड और पिपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। देश के अलग-अलग राज्यों से आईं 129 महिला प्रशिक्षणार्थियों ने 45 दिन की कठिन सैन्य ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की।
समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय कमान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सुचित्रा सेनागुप्ता रहीं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को रैंक (स्टार) लगाए और उन्हें NCC के नियमों का पालन करने के साथ देश सेवा की शपथ दिलाई।
सैन्य प्रशिक्षण के साथ महिला सशक्तिकरण पर जोर
लेफ्टिनेंट जनरल सुचित्रा सेनागुप्ता ने बताया कि ग्वालियर NCC OTA के मुख्य रूप से दो उद्देश्य हैं। पहला, एसोसिएट NCC अधिकारियों को सैन्य प्रशिक्षण देना और दूसरा महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कोर्स में देशभर से 129 महिला कैंडिडेट शामिल हुई थीं। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने 45 दिनों तक शारीरिक, सैन्य और अनुशासन से जुड़ा कठिन प्रशिक्षण पूरा किया।
शिखा सिंह को तीन पुरस्कार
समारोह के अंत में प्रशिक्षण के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाली महिला अधिकारियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
राजस्थान की एसओ शिखा सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन पुरस्कार अपने नाम किए। उन्हें कमांडेंट गोल्ड मेडल, शर्मा कप (बेस्ट इन एकेडमिक्स) और स्पेशल स्किल्स के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रशिक्षणार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास और सैन्य कौशल की झलक देखने को मिली। पासिंग आउट के साथ सभी महिला प्रशिक्षणार्थियों ने NCC में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और देश सेवा के संकल्प के साथ नई भूमिका की शुरुआत की।

