ग्वालियर के मुरार इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। सुरैयापुरा निवासी 22 वर्षीय पलक रजक की मौत को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के दावे अलग-अलग हैं। ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है।
मौत से पहले भाई को किया था फोन
मृतका के भाई प्रिंस ने बताया कि मंगलवार शाम 6:14 बजे पलक का फोन आया था। वह फोन पर बेहद डरी हुई और रो रही थी।
प्रिंस के मुताबिक, पलक ने कहा, “भैया, मुझे जल्दी यहां से ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे।”
बहन की हालत देखकर वह तुरंत उसके ससुराल के लिए निकल गया। लेकिन जब वह करीब 6:45 बजे वहां पहुंचा, तभी ससुराल वालों का फोन आया कि पलक अस्पताल में भर्ती है।
अस्पताल पहुंचा तो स्ट्रेचर पर मिली बहन की लाश
प्रिंस जब जिला अस्पताल पहुंचा तो पलक की मौत हो चुकी थी। उसने आरोप लगाया कि बहन के शरीर पर गर्दन से लेकर पैर तक चोट के निशान थे।
परिवार का कहना है कि चोटों के निशान मारपीट और संघर्ष की ओर इशारा करते हैं।
अप्रैल 2025 में हुई थी शादी
पलक की शादी अप्रैल 2025 में अमित रजक से हुई थी, जो एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी बताया जा रहा है।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सास और देवर दहेज में कार की मांग को लेकर पलक को प्रताड़ित करने लगे थे।
परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी में दी गई एफडीआर भी ससुराल वालों ने तुड़वाकर पैसे ले लिए थे।
परिजनों ने रखीं तीन बड़ी मांगें
मृतका के परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
- डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाए
- पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी हो
- पति, सास और देवर पर हत्या का केस दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए
पुलिस कर रही जांच
मुरार थाना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, इसलिए कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
एएसपी जयराज कुबेर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या के प्रमाण मिलते हैं तो FIR दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
👉 मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
