सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान के साथ जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ब्रिजीशनगर निवासी लक्ष्मीनारायण वर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी खरीदी हुई जमीन को जालसाजों ने फर्जी तरीके से किसी और को बेच दिया।
2007 और 2011 में खरीदे थे भूखंड
लक्ष्मीनारायण वर्मा के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2007 और 2011 में जगदीश प्रसाद मेवाड़ा और उनके बेटों से दो भूखंड खरीदे थे। दोनों जमीनों की विधिवत रजिस्ट्री और नामांतरण भी कराया गया था।
बुजुर्ग किसान का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर यह जमीन खरीदी थी।
मकान बनाने पहुंचे तो रोका गया काम
हाल ही में लक्ष्मीनारायण अपने बेटे अनिल के साथ जमीन पर मकान निर्माण कराने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उन्हें डराया-धमकाया और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
इसके बाद जब उन्होंने मामले की जानकारी निकाली तो पता चला कि उनकी जमीन के एक हिस्से को आरोपियों ने कथित तौर पर अपने ही रिश्तेदार को बेच दिया है।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
धोखाधड़ी सामने आने के बाद लक्ष्मीनारायण वर्मा ने पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
👉 मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
