रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। यह बदलाव करीब 167 दिन पहले जारी पिछली तबादला सूची के बाद किया गया है।
राजनांदगांव रेंज को मिला नया आईजी
तबादला सूची के अनुसार, अजय कुमार यादव को नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है।
वहीं, राजनांदगांव रेंज के तत्कालीन आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। इसके अलावा बस्तर आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल की भी पुलिस मुख्यालय में नई पदस्थापना की गई है।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का बड़ा कदम
राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सरकार ने कई जिलों में पुलिस नेतृत्व बदलने का फैसला लिया है। कोरिया जिले में भाजपा नेता को कार समेत जिंदा जलाने की घटना के बाद एसपी हरीश राठौर का तबादला किया गया है। वहीं, जुआ-सट्टा की शिकायतों के बाद बलौदाबाजार एसपी भावना गुप्ता को भी पुलिस मुख्यालय वापस बुला लिया गया है।
12 जिलों के नए एसपी नियुक्त
सरकार ने कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की है। प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं—
- चंद्रमोहन सिंह – एसपी, दंतेवाड़ा
- हरीश राठौर – एसपी, कोरिया
- भावना पांडेय – एसपी, धमतरी
- राय गौरव रामप्रवेश – एसपी, बलौदाबाजार-भाटापारा
- उमेश प्रसाद गुप्ता – एसपी, बीजापुर
- मयंक गुर्जर – एसपी, सुकमा
- संदीप कुमार पटेल – एसपी, नारायणपुर
- चव्हाण किरण गंगाराम – एसपी, बालोद
- योगेश कुमार पटेल – एसपी, सूरजपुर
- जितेंद्र कुमार यादव – एसपी, कबीरधाम
- सुनील शर्मा – एसपी, सारंगढ़-बिलाईगढ़
इसके अलावा रायपुर जोन के तीन डीसीपी को बस्तर भेजा गया है, जबकि रॉबिन्सन गुरिया को गरियाबंद के एसपी पद से रायपुर नगर पुलिस में डीसीपी (पश्चिम) बनाया गया है।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर सरकार का फोकस
सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, पुलिसिंग में सुधार लाने तथा विभिन्न जिलों में बेहतर प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
अधिक जानकारी
देश और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com


