मथुरा में IIT से पासआउट एक ऐसा फर्जी बाबा पकड़ा गया है, जो पढ़ी लिखी लड़कियों का ब्रेनवॉश करके उनका यौन शोषण करता था और उसका वीडियो बनाकर उन्हें और उनके परिवार को ब्लैकमेल करने का काम करता था. ऑनलाइन प्रवचन देकर ये अपने भक्त बनाने और उसकी आड़ में लड़कियों को आकर्षित कर उनका शोषण करने का काम करता था. एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर मथुरा पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास को गिरफ्तार कर लिया है.
कितनी लड़कियों का किया शोषण, पुलिस जांच में जुटी
आईआईटियन बाबा की यौन शोषण मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस पीड़िताओं की पड़ताल कर रही है कि आखिर इस फर्जी बाबा ने कितनी लड़कियों का शोषण किया है. मात्र 29 साल की उम्र में आईआईटी से पासआउट इस फर्जी बाबा ने दर्जनों लड़कियों को गंधर्व विवाह के नाम पर अपने साथ जोड़कर उनका यौन शोषण किया और अश्लील फोटो वीडियो के आधार पर उनको ब्लैकमेल करता रहा. इस फर्जी बाबा ने साल 2017 से 2021 तक आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी.
ओडिशा का रहने वाला है अभिषेक मिश्रा
ओडिशा का रहने वाला आरोपी अभिषेक मिश्रा खुद को आदिकर्ता नारायण दास कहता था. मथुरा में जहां ये रहता था, वहां करीब 24 लड़के लड़कियां भी रहती थीं. हालांकि इसकी हरकतें देखकर धीरे-धीरे ज्यादातर उसका साथ छोड़कर चले गए. बताया जा रहा है कि इसने इन सबका ब्रेनवॉश करके अपने साथ जोड़ रखा था. इसके फोन से भी कुछ लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं. छत्तीसगढ़ की एक लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसे गिरफ्तार किया है.
वीडियो के जरिए लड़कियों को करता था टारगेट
फर्जी बाबा आदिकर्ता नारायण दास ने यूट्यूब पर राधा कृपा अमृता नाम से एक चैनल बनाया था. इस चैनल पर वो ऑनलाइन अपने प्रवचन डालता था. इसमें हिंदी और इंग्लिश में ये ज्ञान देकर अपना प्रभाव बढ़ाने का काम कर रहा था. धर्म के नाम पर इन्हीं वीडियो के ज़रिए ये लड़कियों को टारगेट करता था. लिंक्डइन पर भी आदिकर्ता नारायण दास के नाम से इसने अपनी प्रोफाइल बनाई थी. बताया जा रहा है कि ये फर्जी बाबा खासतौर पर इंजीनियरिंग की हुई लड़कियों को अपने झांसे में लेता था.
