भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महाराष्ट्र के शिर्डी में देश का पहला 300 KM रेंज वाला यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चिंग सिस्टम ‘सूर्यास्त्र’ लॉन्च किया गया। इस खास मौके पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh भी मौजूद रहे।
‘सूर्यास्त्र’ को भारत की रक्षा क्षमता के लिए बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है। यह लंबी दूरी तक बेहद सटीक निशाना लगाने में सक्षम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सिस्टम के जरिए 150 से 300 किलोमीटर तक लक्ष्य को निशाना बनाया जा सकता है।
इस रॉकेट सिस्टम को शिर्डी स्थित NIBE Group के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में लॉन्च किया गया। यहां मिसाइल, रॉकेट सिस्टम, आर्टिलरी और आधुनिक ड्रोन तकनीक से जुड़े उपकरण तैयार किए जाएंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जो देश अपने हथियार खुद बनाता है, वही अपना भविष्य खुद तय करता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया के बड़े रक्षा निर्यातकों में शामिल हो सकता है।
हाल ही में ओडिशा के चांदीपुर टेस्ट रेंज में ‘सूर्यास्त्र’ का सफल परीक्षण भी किया गया था। बताया जा रहा है कि यह सिस्टम बेहद कम समय में कई रॉकेट दागने की क्षमता रखता है और आधुनिक युद्ध रणनीति में भारतीय सेना को बड़ी मजबूती देगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की स्वदेशी तकनीक भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल सेना की ताकत बढ़ेगी, बल्कि देश में रक्षा उत्पादन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
