इंदौर के रंगवासा क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक दबाव और रिश्तों की अजीब शर्तों के चलते महज 13 साल की बच्ची की शादी 42 साल के युवक से जबरन करा दी गई। मामले का खुलासा होने के बाद राऊ पुलिस ने दूल्हे, उसके परिजनों और बच्ची के दादा-दादी समेत 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोते की शादी के लिए पोती का “सौदा”
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा के अनुसार, बच्ची के दादा अपने 19 वर्षीय पोते की शादी करवाना चाहते थे। लेकिन पोते की होने वाली पत्नी ने शर्त रखी कि वह शादी तभी करेगी, जब उसकी ननद यानी 13 वर्षीय बच्ची की शादी उसके 42 वर्षीय सगे चाचा से कराई जाए।
परिवार ने इस शर्त को मान लिया और मासूम बच्ची की जिंदगी दांव पर लगा दी।
पहले दी थी शादी नहीं करने की लिखित सहमति
विभाग को पहले ही बाल विवाह की सूचना मिल गई थी। 25 अप्रैल को होने वाली शादी को लेकर फ्लाइंग स्क्वाड ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी थी। उस समय परिवार ने लिखित में भरोसा दिया था कि शादी नहीं कराई जाएगी।
चोरी-छिपे उज्जैन ले जाकर कराई शादी
इसके बावजूद 26 अप्रैल की रात आरोपी बच्ची और उसके 19 वर्षीय भाई को चोरी-छिपे उज्जैन ले गए। चिंतामन गणेश मंदिर के बाहर दोनों को दूल्हा-दुल्हन के कपड़े पहनाए गए और रात में मांग भरकर शादी करा दी गई।
शादी के बाद दोनों बच्चों को वापस इंदौर छोड़ दिया गया, जबकि दूल्हे अपने गांव दयाखेड़ा लौट गए।
विरोध करने पर दादी ने की पिटाई
फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी महेंद्र पाठक के मुताबिक, शादी के बाद परिवार बच्ची पर ससुराल जाने का दबाव बना रहा था। जब बच्ची ने विरोध किया तो उसकी दादी ने बेरहमी से मारपीट की।
आखिरकार बच्ची की मां ने हिम्मत दिखाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग और बाल कल्याण समिति से शिकायत की, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हुआ।
उम्र छिपाने के लिए बनाई फर्जी मार्कशीट
जांच में सामने आया कि बच्ची और उसके भाई की उम्र छिपाने के लिए कथित तौर पर फर्जी अंकसूची तैयार करवाई गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, शिक्षा विभाग इस मामले की अलग से जांच कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर जालसाजी और सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर की धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बाल कल्याण समिति के निर्देश पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि बाल विवाह और दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाज और प्रदेश की ऐसी ही बड़ी खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
