मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पति-पत्नी अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ BSNL के ऊंचे टावर पर चढ़ गए। मामला कैंट थाना क्षेत्र स्थित पीली कोठी के पीछे टेकरी का है।
800 फीट ऊंचे टावर पर बैठा परिवार
जानकारी के मुताबिक बलराम अहिरवार अपनी पत्नी कृष्णा देवी अहिरवार और ढाई साल की बेटी को लेकर करीब 800 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गया। तेज गर्मी और तपती दोपहरी में परिवार को टावर पर बैठे देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने समझाने की कोशिश की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को फोन कर नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
स्थिति गंभीर होती देख पुलिस ने तुरंत NDRF टीम को बुलाया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुलिस कार्रवाई से नाराज था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार पुलिस की कार्रवाई से परेशान था। आरोप है कि मोतीनगर पुलिस ने उन पर झूठा मामला दर्ज किया और मारपीट कर जेल भेजा।
भाई ने सुनाई पूरी कहानी
बलराम के भाई ने बताया कि टावर पर चढ़ने से पहले उसकी मुलाकात हुई थी। उस दौरान बलराम ने कहा था कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और बेवजह जेल भेज दिया। इसी से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन परिवार को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटा है।
मध्य प्रदेश की हर बड़ी खबर सबसे पहले पढ़ें:www.deshharpal.com
