इंदौर। शहर में नशे और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खजराना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की है। वहीं, चंदन नगर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के ड्राय डे पर अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हजारों रुपए कीमत की शराब जब्त की गई है।
खजराना में 100 ग्राम एमडी ड्रग जब्त
खजराना टीआई मनोज सेंधव की टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल पिता मनोहर परमार, निवासी चाणक्यपुरी, सिविल लाइंस, देवास को गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों इलाके में एक अन्य व्यक्ति को ड्रग की डिलीवरी करने के लिए पहुंचे थे।
पुलिस अब ड्रग की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ड्राय डे पर शराब बेचते तीन गिरफ्तार
उधर, चंदन नगर पुलिस ने 15 अगस्त को ड्राय डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्या पिता कालू वसुनिया, निवासी चंदन नगर, रईस पिता मोहम्मद शकुर पठान, निवासी सहयोग नगर और प्रदीप पिता ओमप्रकाश सेन, निवासी सिरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हजारों रुपए कीमत की शराब जब्त की है।
जिलाबदर के बावजूद इलाके में कर रहा था शराब का कारोबार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रईस को कुछ समय पहले ही जिलाबदर किया गया था। इसके बावजूद वह इलाके में रहकर कथित तौर पर अवैध शराब का कारोबार कर रहा था।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
