बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्वामी आत्मानंद स्कूल के एक पीटी टीचर पर नाबालिग छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने और शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। आरोप है कि परिजनों की समझाइश के बावजूद शिक्षक की हरकतें नहीं रुकीं। शनिवार को छात्रा के भाई के दोबारा समझाने पहुंचने पर विवाद बढ़ गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने हाईस्कूल के कुछ छात्रों से छात्रा के भाई की लोहे की रॉड से पिटाई करवा दी। हमले में युवक के हाथ में चोट आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने भी मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। मामला रघुनाथनगर थाना क्षेत्र का है।
पीटी टीचर पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पीटी टीचर का नाम संदीप गुप्ता (28) है। वह स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ है। वहीं, कथित पीड़ित छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती है।
आरोप है कि शिक्षक मोबाइल मैसेज के जरिए छात्रा से बातचीत करता था और उसे अश्लील मैसेज भेजता था। परिजनों के मुताबिक, शिक्षक छात्रा पर शादी करने का दबाव भी बना रहा था।
छात्रा ने परेशान होकर इसकी जानकारी अपने परिवार को दी। इसके बाद परिजनों ने शिक्षक को समझाकर छात्रा से इस तरह की बातचीत नहीं करने को कहा।

समझाने पहुंचे भाई से विवाद
परिजनों का आरोप है कि समझाइश के बाद भी शिक्षक की हरकतें जारी रहीं। इसके बाद 15 अगस्त को छात्रा का भाई शिक्षक को समझाने स्कूल पहुंचा।
बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने स्कूल परिसर में मौजूद हाईस्कूल के कुछ छात्रों को छात्रा के भाई की पिटाई करने के लिए कहा।
छात्रों से रॉड से पिटाई कराने का आरोप
पीड़ित पक्ष के अनुसार, छात्रों ने युवक के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला किया। इस घटना में उसके हाथ में चोट आई है।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस मोबाइल मैसेज और दूसरे सबूतों की कर रही जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में छात्रा और शिक्षक के बीच हुए मोबाइल मैसेज, मारपीट की घटना, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को शामिल किया जा रहा है।
वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से भी मामले की विभागीय जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपों की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट होगी।
परिजनों का आरोप- पहले भी की थी शिकायत
पीड़ित परिवार का कहना है कि शिक्षक की कथित हरकतों को लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी और उसे समझाया गया था। उनका आरोप है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।

