इंदौर शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए मंगलवार को नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित हुई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अवैध कॉलोनियों में निजी संपत्तियों के संपत्तिकर खाते खोलने, नामांतरण प्रक्रिया आसान करने, कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड बनाने और अन्नपूर्णा तालाब के पास स्ट्रीट फूड हब विकसित करने समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
अवैध कॉलोनियों के रहवासियों को राहत
एमआईसी ने अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को राहत देते हुए फैसला लिया कि पूर्ण स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध होने पर निजी संपत्तियों और प्लॉट के संपत्तिकर खाते खोले जा सकेंगे।
इसके लिए अधिभोगी या अधिवासी के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि, शासकीय भूमि या शासकीय अतिक्रमण वाली जमीन पर संपत्तिकर जमा नहीं किया जाएगा।
संपत्तियों के नामांतरण की प्रक्रिया को भी सरल बनाने के लिए एसओपी तैयार करने को मंजूरी दी गई है।
स्वीमिंग पूल और स्मार्ट हब PPP मॉडल पर
रणजीत हनुमान रोड स्थित ब्रह्मलीन श्री लक्ष्मणसिंह गौड़ उद्यान परिसर में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्वीमिंग पूल के निर्माण के बाद उसके संचालन और संधारण का काम पीपीपी मॉडल पर करने का निर्णय लिया गया।
फूटी कोठी फ्लायओवर के नीचे उपलब्ध जमीन पर स्मार्ट हब विकसित करने और इसके संचालन-संधारण को भी पीपीपी मॉडल पर देने की मंजूरी दी गई।
देवगुराड़िया में 60 टीपीडी नारियल अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग के लिए एजेंसी चयन को भी हरी झंडी दी गई।
चौराहों पर दिखेगी ‘अखंड भारत’ थीम
पलासिया चौराहे को मेसर्स जयदीप इस्पात एंड एलॉयज प्रा. लि. द्वारा सीएसआर के तहत गोद लिया जाएगा। यहां ‘आई लव इंदौर’ के साथ ‘अखंड भारत’ थीम पर आधारित स्मारक स्थापित किया जाएगा।
राजकुमार ब्रिज के पास प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के सामने चंद्रयान की प्रतिकृति के बाकी निर्माण, सौंदर्यीकरण और संधारण का काम भी एचडी वायर प्रा. लि. द्वारा सीएसआर के तहत किया जाएगा।
कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड
शहर के प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने के लिए कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे इस क्षेत्र में यातायात और आवागमन को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा सुभाष नगर और वल्लभ नगर मार्केट में नए मार्केट के निर्माण की दिशा में भी नगर निगम कार्रवाई करेगा।
अन्नपूर्णा तालाब के पास बनेगा स्ट्रीट फूड हब
पथ विक्रेताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए अन्नपूर्णा रोड स्थित तालाब के पास मौजूदा हॉकर्स जोन की जगह स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जाएगा।
यह पहल केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के तहत पथ विक्रेताओं के लिए सहायता घटक के अंतर्गत की जाएगी।
गणेशोत्सव और झांकी को लेकर भी फैसले
अनंत चतुर्दशी पर नगर निगम परंपरा के अनुसार झांकी निकालेगा और गणेशोत्सव मनाएगा। इसके लिए अनुदान मंजूर किया गया है।
इंदौर की मिलों को झांकी निर्माण के लिए अंशदान देने का भी निर्णय लिया गया। गणेशोत्सव विसर्जन चल समारोह में शामिल अखाड़ों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 15 हजार से बढ़ाकर 21 हजार रुपए करने को मंजूरी दी गई।
70 नई गेंट्री, ऑनलाइन टेंडर से मिलेंगे विज्ञापन अधिकार
शहर में 70 नई गेंट्री लगाने का फैसला लिया गया है। इनके 10 साल के विज्ञापन अधिकार देने के लिए ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में कैमरा, मूवी कैमरा और व्यावसायिक फोटोग्राफरों के शुल्क बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई है। हालांकि, जू का सामान्य प्रवेश शुल्क नहीं बढ़ाया जाएगा।
कर्मचारियों के मेहनताना पर भी फैसला
नगर निगम में कार्यरत मस्टर श्रमिकों को कलेक्टर इंदौर द्वारा निर्धारित नई दर के अनुसार मेहनताना देने की मंजूरी दी गई।
कर्मचारी यूनियन की मांगों से जुड़े प्रस्ताव शासन को भेजने का भी निर्णय लिया गया। गर्मी के मौसम में लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संपवेल पर क्लोरीनेटर समेत अन्य जरूरी सिस्टम लगाने पर भी सहमति बनी।
PPP और CSR से विकास पर जोर
बैठक के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर के विकास को केवल पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ाने के बजाय पीपीपी मॉडल, सीएसआर और जनभागीदारी के जरिए नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।


