इंदौर के एक वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में करीब 14 वर्षीय एक किशोर डंडे से बुजुर्ग महिलाओं की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। घटना शहर के मरीमाता पानी की टंकी के पास स्थित महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित वृद्धाश्रम की बताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका को थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के तहत उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी हरकत में आ गया।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार की टीम ने वृद्धाश्रम पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रशासन ने बताया कि आश्रम में रह रहे 30 बुजुर्गों में से जो स्वस्थ हैं, उन्हें गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम और गणेश वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया जा रहा है। वहीं जिन बुजुर्गों की तबीयत खराब है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जाएगा।
प्रशासन ने वृद्धाश्रम को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिक जानकारी और ताज़ा खबरों के लिए विजिट करें deshharpal.com
